: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा को खतरा
Mon, Apr 14, 2025
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा को खतराट्रस्ट को मिला धमकी भरा संदिग्ध ईमेल, जांच में जुटी पुलिस
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास को एक संदिग्ध ईमेल मिला है जिसमें राम मंदिर की सुरक्षा को खतरा होने के संबंध में चेतावनी दी गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। अयोध्या जिले की पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर एक न्यूज एजेंसी को बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने न्यास के साथ मिलकर संदिग्ध ईमेल की जांच शुरू कर दी है जो तमिलनाडु से आया था। सूत्रों ने बताया कि रविवार और सोमवार की रात को मिले ईमेल में न्यास को राम मंदिर की सुरक्षा को खतरा होने के संबंध में चेतावनी दी गई है। हालांकि, अभी तक न्यास या सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
: राम मंदिर के मुख्य शिखर पर कलश स्थापित
Mon, Apr 14, 2025
राम मंदिर के मुख्य शिखर पर कलश स्थापित
भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण ने पार किया एक और पड़ाव
वैदिक ब्राह्मणों की उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम, अब ध्वज दंड की स्थापना ही बाकी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताई प्रसन्नता
अयोध्या। भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण ने सोमवार को एक और ऐतिहासिक पड़ाव पार कर लिया। वैदिक ब्राह्मणों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ मुख्य शिखर पर कलश स्थापित किया गया। यह पवित्र कार्य सुबह 9ः15 बजे शुरू हुआ और 10ः30 बजे शिखर पर कलश की स्थापना पूरी हुई। इस अवसर पर अयोध्या में उत्सव का माहौल रहा और स्थानीय लोगों ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। राम मंदिर के निर्माण और अयोध्या के कायाकल्प से न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश में रामभक्ति की लहर और मजबूत हो रही है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि वैशाखी और बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की जन्म जयंती के शुभ अवसर पर यह कार्य संपन्न हुआ। अब मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वजदंड स्थापना की प्रक्रिया शुरू होगी। मंदिर निर्माण प्रगति पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राम मंदिर का निर्माण न केवल आध्यात्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा की अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण देशवासियों की आस्था और संकल्प का परिणाम है। यह भारत की सनातन संस्कृति को विश्व पटल पर और सशक्त करेगा। योगी ने ट्रस्ट और निर्माण कार्य से जुड़े सभी लोगों की सराहना की और इसे ’नए भारत’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। अयोध्या को विश्वस्तरीय तीर्थस्थल बनाने के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। सड़क, रेल और हवाई संपर्क के साथ-साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। चंपत राय ने जानकारी दी कि मंदिर परिसर से अब निर्माण मशीनें हटाई जाएंगी। प्रथम तल पर राजा राम, परकोटे और सप्तऋषियों के मंदिरों में मूर्तियों की प्रतिष्ठा का कार्य भी शीघ्र शुरू होगा। मंदिर का निर्माण कार्य निर्धारित समय पर आगे बढ़ रहा है, जिससे भक्तों में उत्साह है।
: अयोध्या में होटल 'सीतायनम' का हुआ भव्य शुभारंभ
Mon, Apr 14, 2025
अयोध्या में होटल 'सीतायनम' का हुआ भव्य शुभारंभअयोध्या अब वैश्विक स्तर पर धार्मिक पर्यटन का केंद्र बन गई, रामभक्तों की सेवा हो: श्रीमहंत ज्ञानदासवक्फ बोर्ड कानून को पलटने के बयान को खारिज करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "ना नौ मन तेल होगा, ना राधा गौने जायेंगी न अखिलेश की सरकार आएगी और न ही कोई कानून पलटेगाहोटल सीतायनम श्रद्धा और सेवा के साथ आधुनिकता का संगम है: बृजनंदन सिंहअयोध्या। श्रद्धा, सेवा और आतिथ्य की त्रिवेणी से सुसज्जित अयोध्या नगरी में सोमवार को होटल ‘सीतायनम’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में हनुमानगढ़ी के शीर्ष श्रीमहंत धर्म सम्राट श्रीमहंत ज्ञानदास जी महाराज तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर कैसरगंज के लोकप्रिय नेता पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। होटल सीतायनम के प्रबंधक बृजनंदन सिंह ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए बताया कि यह होटल आरबीएस ग्रुप की एक नई शाखा है, जिसका उद्देश्य अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सर्वोत्तम सुविधाएं प्रदान करना है। बृजनंदन सिंह ने कहा, होटल सीतायनम श्रद्धा और सेवा के साथ आधुनिकता का संगम है।हमारा प्रयास रहेगा कि अयोध्या आने वाले हर अतिथि को घर जैसी सुविधा और सम्मान मिले। अखाड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष धर्म सम्राट श्रीमहंत ज्ञान दास जी महाराज ने कहा कि अयोध्या अब वैश्विक स्तर पर धार्मिक पर्यटन का केंद्र बन रहा है। ऐसे प्रयास न सिर्फ श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाते हैं, बल्कि अयोध्या की प्रतिष्ठा में भी चार चांद लगाते हैं।कैसरगंज के लोकप्रिय नेता पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इस मौके पर अपने अयोध्या से पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा, कभी विद्यार्थी के रूप में, कभी खिलाड़ी के रूप में मैंने अयोध्या की गलियों में जीवन बिताया है। श्रीसिंह ने होटल की विशेषता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि होटल के ऊपरी मंजिल से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का सजीव दर्शन होता है और दूसरी ओर हनुमानगढ़ी मंदिर की झलक भी दिखाई देती है। उन्होंने होटल निर्माता बृजनंदन सिंह जी को इस विशिष्ट स्थान पर ऐसा सुंदर होटल निर्माण करने के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह प्रयास श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। वहीं, राजनीतिक बयानबाज़ी में उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनके वक्फ बोर्ड कानून को पलटने के बयान को खारिज करते हुए कहा, "ना नौ मन तेल होगा, ना राधा गौने जायेंगी। न अखिलेश की सरकार आएगी और न ही कोई कानून पलटेगा। राम मंदिर को उड़ाने की धमकी के एक सवाल पर उन्होंने दो टूक कहा, “किसी की इतनी हैसियत नहीं जो राम मंदिर को छू सके।” उनका यह बयान उपस्थित जनसमूह में तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया गया।कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिक, संत-महंत, व्यापारीगण व समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। होटल की भव्यता, सेवाओं और आतिथ्य शैली ने सभी आगंतुकों को प्रभावित किया। होटल सीतायनम आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक उत्कृष्ट आवासीय विकल्प के रूप में अयोध्या के पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाने को तैयार है। इस दौरान बड़ा भक्त माल पीठाधीश्वर श्रीमहंत अवधेश दास, संकट मोचन सेना अध्यक्ष महंत संजय दास, निर्वाणी अनि अखाड़ा महासचिव महंत सत्यदेव दास, श्री हनुमानगढ़ी के गद्दी नशीन श्रीमहंत प्रेमदास जी महाराज के उत्तराधिकारी हनुमत संस्कृत स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य महंत डा महेश दास, महंत रामकुमार दास, महंत बलराम दास, वरिष्ठ पुजारी हेमंत दास, महंत मुकेश दास,अभिषेक दास,महंत संजय दास निजी सचिव शिवम श्रीवास्तव, नेताजी के व्यवस्थापक प्रभारी नीलेश सिंह,अयोध्या प्रभारी महेंद्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में संत महंत मौजूद रहें।