: दशरथ राजमहल बड़ा स्थान के संस्थापक की मनाई गयी जयंती
Thu, Aug 24, 2023
संत, धर्माचार्यों ने अर्पित की पुष्पांजलि
अयोध्या। चक्रवर्ती महाराज दशरथ जी का राजमहल ,बड़ा स्थान, बड़ी जगह, बाबा राम प्रसादाचार्य का अखाड़ा आदि नामों से सुविख्यात स्थान के संस्थापक किशोरी जी के अनन्य भक्त,विंदु संप्रदाय के सूत्रधार स्वामी राम प्रसादाचार्य महाराज की जयंती समारोह पूर्वक मनाई गई। वर्तमान गौ, संत, परमार्थ सेवी विंदुगद्याचार्य स्वामी देवेन्द्र प्रसादाचार्य महाराज की अध्यक्षता एवम पावन सानिध्य में वृहद भंडारे का आयोजन किया गया। इसके पूर्व समागत संत,महतो, धर्माचार्यो ने बाबा राम प्रसादाचार्य महाराज की जयंती पर उनकी दिव्य प्रतिमा पर पुष्पहार,पुष्प अर्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जय प्रकाश चतुर्वेदी द्वारा विरचित पुस्तक राम प्रसाद चरितावाली, का संत, महंत, धर्माचार्यों ने विमोचन किया। इस अवसर के साक्षी बने मिथिला पीठाधीश्वर जगत गुरु स्वामी विष्णु देवा चार्य महाराज, रसिकाचार्य जनमेजय शरण महाराज,जगत गुरु स्वामी श्रीराम दिनेशाचार्य, महंत रामजी दास, महंत राम शरण दास रंग महल, महंत मैथिली रमण शरण लक्ष्मण किला, महंत अवधेश दास बड़ा भक्त माल, महंत शशि कांत दास, महंत वैदेही वल्लभ शरण बावनजी का मंदिर, महंत भानु दास, महंत अवध बिहारी दास, महंत राजीव लोचन शरण, संत मिथिला बिहारी दास, महंत राम शरण दास रामायणी, महंत राम शंकर दास, विष्णु प्रसाद नायक शास्त्री , सूर्य नारायण दास वैदिक मखौड़ा धाम, सहित अन्य संत, महंत एवम बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।विंदु गद्याचार्य महाराज के कृपापात्र शिष्य मंगल भवन पीठाधीश्वर महंत राम भूषण दास कृपालु महाराज द्वारा सभी समागत संत,महंत,विप्र एवम अतिथि गणों को दक्षिणा भेट विदाई प्रदान कर सम्मानित किया गया।
: सियाजू झूल रही बगिया में दशरथ राज कुॅंवर के संग
Thu, Aug 24, 2023
प्रसिद्ध पीठ श्री हनुमान बाग में छाया झूलनोत्सव का उल्लास
अयोध्या। सियाजू झूल रही बगिया में दशरथ राज कुॅंवर के संग। सावन की बहार परत बुदन फुहार,झूलै स्वामिनी श्री सरकार शोभा अमित बनी। दशरथ राज दुलारे पिया संग झूला झूलैं नाय। श्री राम नगरी में सावन झूलनोत्सव की अनुपम छटा बिखर रही है, गीत संगीत नृत्य अपने परवान पर है। अयोध्या के सभी मंदिरों में सांस्कृतिक उल्लास छलकने लगा है और उत्कृष्ट कलाकार ठाकुर जी के समक्ष अपनी श्रद्धा अर्पित कर रहे है। वैष्णो नगरी के प्रसिद्ध पीठ श्री हनुमान बाग के पीठाधीश्वर महंत जगदीश दास महाराज सानिध्य में श्रावण शुक्ल पक्ष की एकादशी को युगल सरकार अद्भुत अलौकिक अद्वितीय झूले पर विराजमान हुए और आध्यात्मिक गीत संगीत की अविरल गंगा बहने लगी जिस में गोते लगाने के लिए देश के कोने कोने से श्रद्धालुओं के साथ अयोध्या के भी संत महंत पहुंचे और ठाकुर जी को झूला झूलाने के साथ पदों को सुनकर मंत्रमुग्ध हो गए। मंदिर के पुजारी योगेंद्र दास भगवान को झूला झुला रहें है। आए हुए संतों का स्वागत मंदिर के व्यवस्थापक सुनील दास व रोहित शास्त्री व नितेश शास्त्री ने किया। हनुमान बाग में भगवान युगल सरकार झूले पर विराजमान है। ठाकुर जी का दर्शन पूजन हो रहा है और शाम होते ही आध्यात्मिक सांस्कृतिक और संगीत की छटा प्रारंभ होती है जिसको देखने के लिए श्रद्धालु भावविभोर होकर हनुमान बाग की ओर उन्मुक्त होकर चले आते है। श्रद्धालुओं के साथ अयोध्या के संत महंत भी श्री महाराज जी के निर्देशन में चलने वाले आध्यात्मिक सांस्कृतिक और संगीतमय संध्या को सुनने पहुंचने लगते है।
: राजू दास मानसिक दिवालियापन के शिकार है: मिथलेश यादव
Thu, Aug 24, 2023
सरदार पटेल नगर वार्ड के सपा पार्षद प्रतिनिधि मिथलेश यादव सोनू ने कहा, राजू दास अपने हद में रहें
प्रशासन समाजवादियों के धैर्य की परीक्षा न ले, अमर्यादित बयान पर कार्रवाई करें
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हनुमानगढ़ी के संत राजू दास द्वारा दी गई अमर्यादित टिप्पणी पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है समाजवादी पार्टी के युवा नेता सरदार पटेल नगर वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि मिथिलेश यादव उर्फ सोनू ने प्रेस से मुखातिब होते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जो भी टिप्पणी राजू दास ने किया है वह क्षमा योग्य नहीं है शासन प्रशासन को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दिए गए ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई करना चाहिए अगर ऐसा नहीं हुआ तो युवाओं के नेता अखिलेश यादव के लिए युवा समाज आंदोलित होगा और तब शासन प्रशासन को यह बात समझ में आएगी की सपा के मुखिया पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले पर कार्रवाई न करने का अंजाम क्या होता है।
मिथलेश यादव सोनू ने कहा कि राजू दास मानसिक दिवालियापन का परिचायक है। राजनीतिक लाभ के लिए ऐसी बयानबाजी शोभा नहीं देती है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों के लिए अखिलेश यादव उनके आइकन हैं हम सभी युवा यह कतई नहीं बर्दाश्त करेंगे की एक पढ़े लिखे शिक्षित और प्रदेश को विकास की रेलगाड़ी पर दौड़ने वाले अखिलेश यादव पर कोई भी व्यक्ति ऐसी टिप्पणी करें जो क्षमा योग्य न हो। उन्होंने कहा प्रशासन समाजवादियों के धैर्य की परीक्षा ले रहा जो बयान के 48 घंटे बीत जाने के बाद कार्रवाई नहीं कर रहा है ऐसे में हम समाजवादी लोग शांत होकर के यह देख रहे हैं कि प्रशासन क्या करता है अगर आने वाले समय में कुछ नहीं हुआ तो हम लोग अपना विरोध दर्ज कराएंगे और अपने नेता के खिलाफ एक भी शब्द अपशब्द बर्दाश्त नहीं करेंगे।