: कमिश्नर की चाहत, उनके सरकारी बंगले को सजाने में खर्च हो एक करोड़
Fri, Jun 24, 2022
चीफ इंजीनियर ने लगायी आपत्ति तो हटवा दिया कमिश्नर ने
अवस्थापना निधि के प्रस्ताव में दी थी धनराशि खर्च करने की मौखिक स्वीकृति
जिस ठेकेदार को मिले दर्जनों नोटिस उसे दे दिए मनमानी नंबर
एलडीए में चहेते ठेकेदारों को संरक्षण देने के भी लगते रहे हैं आरोप
पहले भी विवादों में रहे हैं कमिश्नर रंजन कुमार
लखनऊ। एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रियों, विधायकों और अफसरों को फिजूलखर्ची न करने की हिदायत दे रहे हैं वहीं दूसरी ओर लखनऊ कमिश्नर और एलडीए अध्यक्ष रंजन कुमार ने अपने सरकारी आवास को सजाने-संवारने के लिए एलडीए की अवस्थापना निधि प्रस्ताव में एक करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च करने की मौखिक स्वीकृति दी है। यही नहीं वे न केवल एलडीए की बोर्ड और सामान्य बैठकों में जबरन दखल देते हैं बल्कि अपने चहेते ठेकेदारों को संरक्षण भी दे रहे हैं। जिस ठेकेदार को दर्जनों नोटिस मिल चुके हैं उसे कमिश्नर ने मनमानी तरीके से बेहतर होने का नंबर तक दे दिया। इसके पहले भी रंजन कुमार पर गंभीर आरोप लगते रहे हैं। सवाल यह है कि क्या सरकार इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई करेगी या मामले को ठंडे बस्ते में डाल देगी।
एलडीए की एक के बाद एक कारगुजारियों और घपलों से सरकार की लगातार किरकिरी हो रही है। ताजा मामला कमिश्नर रंजन कुमार से जुड़ा है। कमिश्नर रंजन कुमार ने एलडीए की अवस्थापना निधि से राज्य सम्पत्ति द्वारा खुद के लिए आवंटित बंगले को सजाने-संवारने के लिए एक करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च करने की मौखिक स्वीकृति दी थी। एलडीए के चीफ इंजीनियर (सिविल) इंदुशेखर सिंह ने इस प्रस्ताव पर 21 जून को आपत्ति लगा दी। इसके अगले दिन ही एलडीए की बैठक के बाद चीफ इंजीनियर इंदुशेखर सिंह को हटा दिया गया। इसकी सूचना सरकार तक पहुंच गयी है। इससे हडक़ंप मच गया है। यही नहीं कमिश्नर पर एलडीए की बैठकों में जबरन दखल देने और अपने चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के भी आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने ऐसे ठेकेदारों के कामों को बेहतर नंबर दिए जिन्हें दर्जनों नोटिस मिले चुके हैं। इसके कारण अन्य अधिकारी भी दबाव में आकर दागी ठेकेदारों को मनमानी नंबर देते हैं। अब यह मामला सीएम योगी आदित्यनाथ तक पहुंच चुका है। गौरतलब है कि एलडीए के चीफ इंजीनियर से मनमाने ढंग से काम करवाने को लेकर विवादों में आए रंजन कुमार पर पहले भी गंभीर आरोप लगते रहे हैं।
इस मामले में कमिश्नर रंजन कुमार ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है। सभी कमिश्नरी में कैंप ऑफिस है लेकिन लखनऊ में नहीं है। संभवत: इसी कैंप कार्यालय की बात है। इसमें कोई सजावट नहीं, जरूरी उपकरण के लिए एलडीए ने खुद प्रस्ताव बनाया है।
रंजन कुमार पर महिला अफसर ने लगाए थे गंभीर आरोप
जिस समय रंजन कुमार गोरखपुर के डीएम थे उस दौरान उनकी ही जूनियर महिला आईएएस अफसर ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला अफसर की शिकायत के मुताबिक, डीएम रंजन कुमार उन्हें रात के दो बजे फाइल देखने के बहाने आवास पर बुलाते थे। इसके बाद उनसे घर पर खाना बनाने को कहते थे। महिला अफसर की शिकायत के मुताबिक, उनसे डीएम कहते थे कि तुम्हें शहर में तैनाती इसलिए दी गई है ताकि तुम्हारा चेहरा मेरे सामने रहे। रंजन कुमार महिला अफसर को एक-दो बार फिल्म दिखाने भी ले गए थे।
तत्कालीन प्रमुख सचिव नियुक्ति से मिली थी पीडि़ता
तत्कालीन ट्रेनी आईएएस अफसर व वर्तमान में एक जिले की कलेक्टर अपने पति के साथ प्रमुख सचिव नियुक्ति से भी मिलीं थी। हालांकि बाहर निकलने पर उन्होंने कोई भी बात बताने से इनकार कर दिया था। यही नहीं मंडल के एक सीनियर आईएएस से भी पीडि़ता ने शिकायत की थी। सूत्रों के मुताबिक, पीडि़ता ने मंडल के सीनियर अफसर से शिकायत की थी। उस अधिकारी ने माना था कि डीएम का रवैया ठीक नहीं था और कहा था कि पीडि़ता उनकी बेटी की तरह है।
ऐसे बनाया गया था प्रोजेक्ट
प्रोजेक्ट के मुताबिक कमिश्नर के बटलर पैलेस के बंगला नंबर ए-3 का रंग रोगन होना है। यह राज्य संपत्ति विभाग का है। एलडीए के एक्सईएन ओपी मिश्रा, एई विपिन त्रिपाठी ने इसे संवारने के लिए 81 लाख 79 हजार 306 रुपये का इस्टीमेट तैयार किया था। बिजली, बाथरूम के कामों के लिए करीब 20 लाख का प्रोजेक्ट अलग से तैयार किया गया था।
: सरयू का स्पर्श भगवान सुख का अनुभव देता है: महंत बालयोगी रामदास
Tue, Jun 21, 2022
दिव्य मां सरयू आरती सेवा संस्थान के तत्वावधान में धूमधाम से मनाया गया सरयू जी का छठोत्सव, फूलबग्लें की सजी झांकी, 1100 बत्ती की आरती के साथ हुआ भंडारा
अयोध्या। अयोध्या के उत्तर दिशा में बहने वाली सरयू इस नगरी की सबसे पुरानी व प्रामाणिक पहचान हैं। ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को इनका जन्म हुआ 14 जून रामनगरी में पूरे शिद्दत से सरयू मां की दिव्य भव्य जयंती मनाई गई। जन्म के छठवें दिन मैया का छठोत्सव भी बड़े श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया।
दिव्य मां सरयू आरती सेवा संस्थान के तत्वावधान में नित्य मां सरयू की आरती पुजा होती है। जयंती के विशेष अवसर पर संस्थान द्धारा मां सरयू का फूलबग्लें की झांकी सजाई जाती है वो छठोत्सव पर भी सजती है। इसी के भव्य दीप दान के साथ 1100 बत्ती की महाआरती होती है इसके बाद वृहद भंडारा होता है। यह कार्यक्रम जयंती व छठोत्सव दोनो पर होता है। रविवार को देर शाम करतलिया बाबा आश्रम के पीठाधीश्वर महंत बालयोगी रामदास महाराज के संयोजन में संत तुलसी दास घाट जो नित्य मां सरयू आरती स्थल है उसको फूलों से सजाया गया इसके बाद सरयू मैया की भव्य फूलबग्लें की झांकी सजाई गई। हजारों दीपों का दीपदान कार्यक्रम हुआ। इसके पश्चात 1100 बत्ती की महाआरती के साथ वृहद भंडारा किया गया। पूरा घाट भक्तों से खचाखच भरा रहा।
करतलिया बाबा आश्रम के पीठाधीश्वर महंत बालयोगी रामदास महाराज कहते है कि मां सरय को यह गौरव प्राप्त हैं कि इन्होंने भगवान श्रीराम को अपनी गोद में खिलाया है। प्रयागराज सहित अनेक तीर्थ सरयू में स्नान कर पाप मुक्त होते हैं। ये कलियुग के समस्त पापों का नाश कर देती है। इसी कामना से हर साल करोड़ों भक्त अयोध्या जी की यात्रा आरंभ करने से पहले सरयू का दर्शन, पूजन, स्पर्श, स्नान व इसके जल को पीकर अपनी यात्रा आरंभ करते हैं। बालयोगी जी कहते है कि सरयू तो समस्त तीर्थों को धवलता प्रदान करती हैं।सारे तीर्थ सरयू स्नान कर कृतार्थ होते हैं।शास्त्रों में सरयू को ब्रह्म का जल रूप माना गया है।मानो सरयू के रूप में द्रवीभूत हो ब्रह्म ही प्रवाहित हो रहा है।सरयू नदी में स्नान ईश्वर से एकीकार होने जैसा है,सरयू का स्पर्श भगवान सुख का अनुभव देता है तथा वाल्मीकि रामायण में सरयू जल को गन्ने के रस की तरह मीठा कहा गया है तो सरयू जल का पान अर्थात पीना भगवान के गुणों को धारण करने की तरह है।
: महापौर ने सामने साफ कराई मुख्यामार्ग की नाली, गंदगी पर लगाई अधिकारियों को फटकार
Tue, Jun 21, 2022
योगा के आयोजन तक राम की पैड़ी में कैंप करेंगे स्वच्छता देवदूत
सरयूघाट, नागेश्वनाथ आदि मंदिरों की विशेष् सफाई अभियान की समीक्षा, बनेगी स्वच्छता हेल्पडेस्क, श्रद्धालुओं से लिया जाएगा फीडबैक
अयोध्या। 21 जून को राम की पैड़ी में होने वाले योग के महाकुंभ के कार्यक्रम स्थल का महापौर रिषिकेश उपाध्याय ने निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्वच्छता देवदूत कर्मचारी महापौर के निर्देश का पालन करते हुए सफाई करते रहे। महापौर ने घंटों नयाघाट, बंधा तिराहा, रामकथा पार्क व पूरा सरयू तट का जायजा लिया। आरती स्थल व घाटों की सफाई को लेकर जिम्मेदारी तय की। नागेश्वर नाथ व कालेराम मंदिर गए। गलियों की सफाई से संतुष्ट रहे। नयाघाट क्षेत्र के मुख्यमार्ग के नालियों को सामने ही मेयर ने साफ कराया। कुछ खराब गुणवत्ता के निर्माण कार्य पर अधिकारियों को फटकारा। राम पैड़ी की साफ सफाई कराई। यहां पुरोहित समाज के लोगाें से बातचीत कर साफ-सफाई में सहयोग मांगा। श्रद्धालुओं का सहयोग करने को कहा। बंधा तिराहे पर बने शौचालय के भीतर जाकर सफाई देखी। गांधी पार्क के समीप लगे प्याऊ के सामने कूड़ा दान लगाने पर अधिकारियों को फटकार लगाई, इसे हटाने का निर्देश दिया। महापौर ने घाटों की विशेष सफाई कार्यक्रम को निरंतर क्रियान्वित करते रहने को कहा। दो दिन क्षेत्र में बड़ी संख्या में सफाई सफाई कर्मी रहेंगे। घाट पर नित्य शिफ्ट में कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती रहेगी। नोडल अधिकारी बनाए गए। घाटों के चेंजिंग रूप,शौचालय आदि का निरीक्षण किया। चेंजिंग रूम के रखरखाव करने के लिए टीम गठित की गई है। सफाई की मानीटरिंग को सेल बनाया गया। महापौर ने तीर्थयात्रियों से स्वच्छता को लेकर फीड बैक लेने को कहा। यहां पर स्वच्छता हेल्प डेस्क बनायी जाएगी। कर्मचारियों का मोबाइल नंबर सार्वजनिक रहेगा। कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कार्यवाही की जाए। रानी हो पार्क में पीएससी कैंप के समीप बने शौचालय व स्वच्छ जल उपलब्ध कराने को कहा। राम की पैडी पर अतिक्रमण को मुक्त कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। महापौर ने दुकानदारों से बातचीत की। कहा कि आप सभी दुकान इस तरह लगाए, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद महेंद्र शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त अंकिता शुक्ला, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष राकेश मणि त्रिपाठी, अधिशाषी अभियंता एमएन झा, सहायक अभियंता जलकल गिरीश तिवारी, जेई चंद प्रकाश मौर्या, एसएसआई कमल कुमार, एसआई राकेश कुमार, हरिवंश, विशाल भारती, महापौर के निजी सहायक गोविंद राज आदि मौजूद रहे।