: ट्रक से टकराई स्कूली बस, दर्जनों बच्चे हुए घायल
Sat, Sep 3, 2022
हादसे के समय 45 बच्चे थे सवार
अयोध्या। शुक्रवार की सुबह देवकाली बाईपास पर स्कूल बस का ब्रेक फेल होने से वह एक ट्रक से टकरा गई जिससे बस में सवार करीब 12 छात्र-छात्राएं घायल हो गए, सभी घायल छात्र दृ छात्राओं का उपचार एक निजी अस्पताल में कराया गया। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे के कारण की जांच की जा रही है। सभी चोटहिल बच्चों का इलाज कराया जा रहा है। गोसाईगंज के गद्दोपुर स्थित ग्रामर्षि अकादमी इंटरनेशनल स्कूल की 25 सीटर बस से 45 छात्र-छात्राएं एनसीसी ट्रेनिंग के लिए फैजाबाद शहर में आये थे और वापसी के दौरान देवकाली बाईपास पर अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया, जिसके कारण स्कूल बस ट्रक से जा टकाराई। हादसे में कोई जनहानि तो नहीं हुई लेकिन एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को नजदीक के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ। गोसाईगंज में स्थित यह स्कूल भाजपा एमएलसी हरिओंम पांडेय का बताया जा रहा है।
: इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन के ट्रस्टी बने हाजी फिरोज़ खान गब्बर
Sat, Sep 3, 2022
इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन की मस्जिद पूरी दुनिया में मिसाल कायम करेगी: गब्बर
हाजी साहब मस्जिद निर्माण में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और इस अल्लाह की नेक नियामत को सबसे खूबसूरत बनाने का कार्य करेंगे: फिरदौस
स्थानीय लोगों ने जताई खुशी, कहा-पांच एकड़ ज़मीन पर निर्माण कार्य में आयेगी तेज़ी
सोहावल-अयोध्या। सुप्रीम कोर्ट के आदेश से सोहावल स्थित ग्राम सभा धन्नीपुर में मस्जिद निर्माण के लिए मिली 5 एकड़ ज़मीन की निगरानी एवं निर्माण कार्यो की देखरेख के लिए बने ट्रस्ट इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ने बीकापुर विधान सभा से लोकप्रिय नेता समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रहे समाजसेवी हाजी फिरोज़ खान गब्बर को ट्रस्टी नामित किया है। इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन के सेक्रेटरी अतहर हुसैन ने पत्र जारी करते हुए बताया कि अयोध्या और उसके आस पास इनके काम और सामुदायिक सेवा के माध्यम से इंडो इस्लामिक संस्कृत विरासत को व्यवस्थित करने और सम्मान करने की अपार क्षमता को देखते हुए हाजी फिरोज़ खान गब्बर को इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन का ट्रस्टी नामित किया जाता है।
इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन एक मस्जिद और सामुदायिक सुविधाओं के निर्माण के लिए गठित एक ट्रस्ट हैस जिसमें अस्पताल, सामुदायिक किचेन और इंडो इस्लामिक कल्चरल रिसर्च सेंटर शामिल हैस जिसमें आवंटित 5 एकड़ के प्लॉट में एक भी संग्रहालय शामिल है।
इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ट्रस्ट में सदस्य बनाए जाने के बाद हाजी फिरोज खान गब्बर ने कहा कि अल्लाह का शुक्र है कि हमें उनके इस नेक काम में शिरकत करने का मौका मिला। मैं तहे दिल से इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन के ट्रस्टियों का भी शुक्रिया अदा करता हूँ। उन्होंने मुझे इस लायक समझा और अल्लाह के इस नेक काम में हाथ बटाने का मौका दिया। मैं अपने पूरे दिल से इस नेक काम में हाथ बताऊंगा और निश्चित ही यह मस्जिद पूरी दुनिया में मिसाल कायम करेगी।
हाजी फिरोज़ खान गब्बर को इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन का ट्रस्टी बनने पर सोहावल ब्लाक के पूर्व प्रमुख समाजसेवी फिरदौस खान ने कहा कि हमारे बड़े भाई को अल्लाह के इस नेक कार्य में कार्य करने का मौका दिया गया है। मै सभी ट्रस्टी गणों का शुक्रिया अदा करता हूं। और अल्लाह के शुक्र से मैं आशा करता हूं का इस नेक काम में हाजी साहब बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और इस अल्लाह की नेक नियामत को सबसे खूबसूरत बनाने का कार्य करेंगे। हाजी फिरोज़ खान गब्बर के इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन का ट्रस्टी बनने पर समाजवादी पार्टी के नेता एजाज़ अहमद, पूर्व ब्लाक प्रमुख फ़िरदौस खान, पूर्व ब्लाक प्रमुख मेराज खान, राशिद जमील, रौनाही प्रधान खुर्शीद अहमद, शोएब खान, पूर्व प्रधान मिर्जा शाहिद बेग, कोला प्रधान प्रतिनिधि आज़ादी सिद्दीकी, पूर्व प्रधान शफीक अहमद उर्फ अल्लन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हाजी फिरोज़ खान गब्बर के ट्रस्टी बनने से सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से मिली 5 एकड़ ज़मीन पर निर्माण कार्य में तेज़ी आयेगी।
: संतों ने महंत सर्वेश्वर दास को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया नमन
Sat, Sep 3, 2022
तपस्वी छावनी का महंत जगद्गुरू परमहंस आचार्य को अयोध्या के संतो ने पहले ही कर दिया था नियुक्त: महंत जगदीश दास
अयोध्या। आचार्य पीठ तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर महंत सर्वेश्वर दास के साकेत वास के बाद वर्तमान पीठाधीश्वर महंत जगतगुरु परमहंस आचार्य के संयोजन में गुरुवार शाम को दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास की अध्यक्षता में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें अयोध्या के संतो ने साकेत वासी महंत सर्वेश्वर दास महाराज के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। रामनगरी के प्रतिष्ठित पीठ श्रीहनुमान बाग के महंत जगदीश दास महाराज ने कहा कि यह पीठ त्यागी संप्रदाय की आचार्य पीठ है इसका अपना गौरवमई इतिहास है और यह त्याग तपस्या की पीठ है जिसका कुशल संचालन सर्वेश्वर दास जी महाराज करते रहे है। उन्होंने कहा कि इस पीठ का महंत जगद्गुरू परमहंस आचार्य को अयोध्या के संतो ने पहले ही नियुक्त कर दिया था। जगद्गुरू परमहंस आचार्य एक त्यागी संत है जो तपस्वी छावनी को आगे ले जायेंगे।
महंत सुरेश दास महाराज ने कहा कि यह पीठ तपस्वी संतो की है और सर्वेश्वर दास जी महाराज अपनी त्याग तपस्या और सरलता से निरंतर साधु सेवा विद्यार्थी सेवा करते रहे और आगे भी सभी सेवाएं संचालित होती रहेंगी।
गुजरात अहमदाबाद जगन्नाथ मंदिर से पधारे महंत दिलीप दास महाराज ने कहा की सर्वेश्वर दास महाराज से हमारे अच्छे संबंध थे मैं उनको नमन करता हूं प्रभु श्री राम लला अपने चरणों में उनको स्थान दें और मुझसे जो भी सहयोग मांगा जाएगा इस आचार्य पीठ के विकास के लिए मैं करता रहूंगा। कथा कुंज के महंत रामानंद दास महाराज वैद्य मंदिर के महंत राजेंद्र दास, महंत परशुराम दास, निर्मोही अखाड़ा के श्री महंत राजेंद्र दास,सरयू मंदिर के महंत राम अवध दास, हनुमानगढ़ी के नंदरामदास, मामा दास,बालयोगी राम दास,रावत मंदिर के महंत राम मिलन दास, हनुमान बाग मंदिर के महंत जगदीश दास, महंत हरिभजन दास, महंत सीताराम दास त्यागी, श्री राम कथा के मर्मज्ञ चंद्रांशु जी महाराज, अधिकारी छवि राम दास , महंत शशिकांत दास, महेंद्र भाई झा गुजरात ने श्री महाराज जी को भाव मई श्रद्धांजलि अर्पित की संचालन जगत गुरु परमहंस आचार्य ने किया। शोक सभा में अयोध्या के सैकड़ों संतों महंतों ने महाराज जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।