: साकेत महाविद्यालय में चुनाव की मांग को लेकर छात्र आंदोलित
Sat, Dec 10, 2022
कालेज का गेट बंद कर छत पर किया प्रदर्शन
अयोध्या। का.सु. साकेत महाविद्यालय का छात्र संघ चुनाव स्थगित होने के तीन बाद शुक्रवार को कालेज खुला। छात्रों के विरोध को देखते हुए सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। तकरीबन 12 बजे के दौरान छात्र चुनाव की मांग को लेकर आंदोलित हो गए और महाविद्यालय के गेट पर ताला लगा दिया। इस दौरान छात्रों ने महाविद्यालय की बिल्डिंग पर चढ़ कर विरोध जताया। छात्र जमकर नारेबाजी करते दिखे। गौरतलब है कि 12 दिसंबर को छात्र संघ के चुनाव की घोषणा हुई थी, लेकिन जिस दिन निकाय चुनाव की अध्यक्षी का आरक्षण जारी हुआ। उसी के बाद जिला प्रशासन अनुमति देने से मना कर दिया। खबर लिखे जाने तक आंदोलित छात्र व महाविद्यालय प्रशासन के बीच वार्ता का सिलसिला जारी था।
: रामपथ चौड़ीकरण की प्रक्रिया हुई तेज, ढ़हाये जा रहे भवन
Sat, Dec 10, 2022
रामपथ चौड़ीकरण में 15561 रूपए प्रति वर्ग मीटर दिया जा रहा मुआवजा
दुकानदारों को दी जा रही 1 से 10 लाख तक की पुर्नवास सहायता
अयोध्या। रामपथ के लिए सहादतगंज से नयाघाट तक सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गयी है। 13 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर नयाघाट बाजार के बाद शुक्रवार को बुलडोजर बाबू बाजार पहुंच गया, बीती रात इस बाजार में 10 दुकानें गिराई गई हैं। प्रशासन की रफ्तार देख लोग अब दूकाने व मकान खुद तोड़ और खाली कर रहे हैं।
वहीं चौड़ीकरण से प्रभावित हो रहे दुकानदार और भवन स्वामी अपनी सम्पत्ति राज्यपाल के नाम बैनामा कर रहे हैं। प्रभावितों को मुआवजे के तौर पर 15561 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से कुर्सी रेट यानी कांस्ट्रक्शन लागत का भुगतान किया जा रहा है। यह बैनामा स्टाम्प शुल्क फ्री है। अब तक करीब 150 बैनामे हो चुके हैं। सआदतगंज से नयाघाट तक 4 चरणों में रामपथ चौड़ीकरण का प्रोजेक्ट है। सआदतगंज बाईपास से 0.35 कि.मी. सिविल लाइंस तक सड़क पूरी तरह से साफ है। यहां किसी भी व्यक्ति को कोई मुआवजा नहीं दिया जाना है। चौड़ीकरण की जद में लगभग 2600 दुकान व भवन आ रहे हैं। चौड़ीकरण का मुख्य कार्य रिकाबगंज से नियावां, नियावां से टेढ़ीबाजार और टेढ़ी बाजार से नयाघाट तक किया जाना है। रिकाबगंज से नयाघाट तक अनुमानित 1000 बैनामे होने हैं। अब तक 150 बैनामे हो चुके हैं। भवन स्वामियों से बैनामा लेने की प्रक्रिया में जिला प्रशासन के साथ पीडब्ल्यूडी के जेई, रजिस्ट्री विभाग के कर्मचारी और 5 एसडीएम लगाये गये हैं। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि मुआवजे की धनराशि कुर्सी रेट के आधार पर दिया जा रहा है। प्रति वर्ग मीटर 15561 रुपये कांस्ट्रक्शन लागत की दर से मुआवजा दिया जा रहा है। करीब 2000 दुकानदारों को पुनर्वास के लिए सहायता राशि दी जानी है। दुकानों के लिए यह सहायता राशि न्यूनतम 1 लाख और अधिकतम 10 लाख रुपये निर्धारित है। अब तक 600 दुकानदारों ने बैनामा करने की सहमति दे दी है। 400 की सहमति प्रक्रिया में है। मुआवजा देने की प्रक्रिया भी बनी है। यह मुआवजा भवन की चौड़ाई, गहराई व भवन की आयु के आधार पर दिया जा रहा है।
जनवरी तक पूरा होगा ध्वस्तीकरण कार्य
रामपथ चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले भवन स्वामियों से बैनामा लेने की प्रक्रिया दिसम्बर के अंत तक पूरा होने की संभावना है। एडीएम प्रशासन के अनुसार जनवरी 2023 तक चौड़ीकरण का कार्य पूरा करा लिया जायेगा। इसके बाद सड़क निर्माण सहित अन्य कार्य शुरू होंगे। इन कार्यों के लिए टेण्डर हो चुका है। सड़क के साथ विद्युत भूमिगत केबल, नाला और सीवर लाइन का निर्माण विभागीय समन्वय से एक साथ कराया जायेगा। बताते चले कि सआदतगंज बाईपास से श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या तक शहरी क्षेत्र में पड़ने वाले मार्ग का चौड़ीकरण होना है। यह रामपथ सआदतगंज से लेकर सिविल लाइंस, रिकाबगंज, नियावां, गुदड़ीबाजार, साहबगंज, बेनीगंज होते हुए नयाघाट तक बनेगा। रामपथ की लम्बाई करीब 13 किलोमीटर है। इसकी चौड़ाई सआदतगंज से हनुमानगढी तक 30 मीटर (15 मीटर एक तरफ), हनुमानगढ़ी से रिकाबगंज चौराहे के करीब 800 मीटर पहले तक 41 मीटर (20.5 मीटर एक तरफ) और रिकाबगंज से नयाघाट तक 20 मीटर (10 मीटर एक तरफ) चौड़ी होगी।
: सियाराम किला मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का उल्लास चरम पर
Sat, Dec 10, 2022
जिसकी साधना में निरंतरता होगी, उसी की उपासना भी सफल होगी: प्रभंजनानन्द शरण
अयोध्या। भगवान की कोई आकृति नहीं होती है। भक्त जिस भाव से प्रभु में अपनी आस्था रखता है भगवान उसी स्वरूप में भक्त के समक्ष प्रकट होते हैं। यह बात शुक्रवार को रामनगरी के सिद्धपीठ श्री सियारामकिला झुनकी घाट मंदिर में श्री महंत करुणानिधान शरण महाराज के सान्निध्य में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा में प्रख्यात कथावाचक प्रेममूर्ति स्वामी प्रभंजनानन्द शरण महाराज ने कही। श्रीमद्भागवत कथा के पंचम दिवस में प्रभंजनानन्द जी महाराज ने कहा कि व्यक्ति को कर्म में निरंतरता बनाकर रखना चाहिए निरंतरता होने से ही सफलता प्राप्त होती है। अभ्यास के द्वारा मुढ़ से मुढ़ व्यक्ति भी विद्वान बन सकता है जिसकी साधना में निरंतरता होती है उसी की उपासना भी सफल होती है। उन्होंने कहा कि कभी भी स्वयं की तुलना दूसरों से न करें अपने भाग्य की तुलना दूसरों से कर व्यक्ति व्यर्थ ही तनाव लेता है। परमात्मा भाग्य का चित्र अवश्य बनाता है मगर उसमें कर्म रूपी रंग तो व्यक्ति स्वयं भरता है। स्वामीजी ने कहा कि हर परिस्थिति में व्यक्ति को प्रसन्न रहना चाहिए कर्म में निरंतरता बनाकर के रखना चाहिए और यह सूत्र अपने जीवन में उतार ले ईश्वर कृपा से जो प्राप्त है वह पर्याप्त है। कथा से पूर्व व्यासपीठ का पूजन आयोजक विकास कुमार हथदह पटना ने किया। यह कथा महोत्सव स्व मुरारी सिंह जी की पावन स्मृति में हो रहा है। इस मौके पर सियारामकिला झुनकी घाट के संत साधक व शिष्य परिकर मौजूद रहें।