: हनुमानगढ़ी में बनेगा आधुनिक पंचायत भवन व भंडार गृह
Thu, Aug 11, 2022
30 हजार स्क्वायर फिट में रहेगा पंचायत भवन, जिसकी लागत होगी 4 करोड़ रुपये
अखिल भारतीय श्रीपंच रामानन्दीय निर्माणी अखाड़ा हनुमानगढ़ी के करायेगा भवन का निर्माण
अयोध्या। सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी के इमली बाग गौशाला में अखिल भारतीय श्रीपंच रामानन्दीय निर्माणी अखाड़ा हनुमानगढ़ी के सौजन्य से पंचायती भव्य पंचायत भवन और भंडार गृह का भूमि पूजन व शिलान्यास हनुमानगढ़ी के गद्दी नशीन महंत प्रेम दास जी महाराज के अध्यक्षता में सभी समस्त पंचान अखाड़ा हनुमानगढ़ी के उपस्थित में हुआ। यह बहुप्रतीक्षित भंडार गृह व पंचायत भवन का भूमि पूजन शिलान्यास वैदिक आचार्यों द्धारा विधिवत पूजन अर्चन से किया गया। इस भवन का निर्माण 30 हजार स्क्वायर फिट में होगा जो दो मंजिला की होगी। इसकी लागत लगभग 4 करोड़ रुपये बतायी गई है। इसका निर्माण अखाड़े के द्धारा हो रहा है।
श्री महंत गद्दी नशीन महंत प्रेम दास जी महाराज ने बताया कि पंचायत भवन और भंडार गृह बनने से हनुमानगढ़ी में होने वाले बृहद कार्यक्रमों में सहूलियत होगी और श्रद्धालुओं के लिए भी आसानी होगी कि बड़े हॉल में बिना किसी विघ्न बाधा के आसानी से धार्मिक आयोजन हो सकेंगे। श्री महंत गद्दी नशीन महंत प्रेम दास जी महाराज के शिष्य हनुमत संस्कृत स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ महेश दास ने बताया कि अखिल भारतीय श्री पंचरामानंदी निर्वाणी अखाड़ा हनुमानगढ़ी की तरफ से बृहद भवन का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे हनुमानगढ़ी में होने वाले सभी कार्यक्रम बड़ी ही सरलता से संपन्न होंगे और सभी लोग इसमें अपना कोई भी बड़ा कार्यक्रम कर सकेंगे। हनुमानगढ़ी के शीर्ष श्रीमहंत ज्ञान दास महाराज के उत्तराधिकारी संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत संजय दास ने कहा कि वर्षों से जिस भवन की प्रतीक्षा व जरूरत थी आज उसका भव्य दिव्य भूमि पूजन गद्दीनशीन श्री महंत प्रेमदास महाराज के पावन अध्यक्षता में हुआ। इस पंचायत भवन व भंडार गृह के बनने से सभी संत नागा साधु एक साथ बैठ सकते है। बड़ा हाल होने से धार्मिक अनुष्ठान भी आसानी से हो सकेगा। आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत सत्कारमहंत डा महेश दास ने किया।
इस अवसर पर अनी अखाड़ा के महंत धर्मदास, हरिद्धारी पट्टी के महंत मुरली दास, महंत रामबरन दास, महंत गौरीशंकर दास, महंत रामकुमार दास, जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी डॉ राघवाचार्य महाराज, जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य, जानकी घाट बड़ा स्थान के महंत जन्मेजय शरण, बड़ा भक्तमाल के महंत अवधेश दास, महंत रामानन्द दास, मंगल भवन पीठाधीश्वर महंत कृपालु रामभूषण दास, महंत माधव दास, महंत अवधेश दास, महंत बलराम दास, संकट मोचन सेना के कार्यवाहक अध्यक्ष वरिष्ठ पुजारी हेमंत दास, वशिष्ठ पीठाधीश्वर राघवेश दास वेदांती, गद्दीनशीन के शिष्य मामा दास, राजेश पहलवान, अंकित दास, सहित हनुमानगढ़ी के सभी नागा साधु समेत सैकड़ों संत महंत उपस्थित रहे।
: 13 करोड़ षड़ाक्षर श्रीराम मंत्र से गुंजायमान होगी रामनगरी
Tue, Aug 9, 2022
दस दिवसीय ऐतिहासिक समरोह के साक्षी बनने पूरे देश से आयेंगे संत धर्माचार्य व श्रद्धालु, होगा अंतर्राष्ट्रीय संत सम्मेलन
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ व एमपी सीएम शिवराज सिंह चौहान सहित तमाम नामचीन हस्तियां भी होगी शामिल
गौरांग महाप्रभु प्रेमावतार श्री रामहर्षण देवाचार्य महराज द्वारा संपन्न श्रीमंत्र राज अनुष्ठान के रजत जयंती समारोह की तैयारी जोरों पर
अयोध्या। प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या में 5 अक्टूबर 2022 से प्रारंभ होगा महायज्ञ जिसमें 1 करोड 30 डाली जाएंगी आहूतियां। 501 जापको द्धारा 13 करोड़ षड़ाक्षर श्री राम मंत्र का होगा जप, यह जानकारी प्रेस से मुखातिब होते हुए श्रीमद जगद्गुरु रामानंदाचार्य श्री श्री 1008 स्वामी श्रीवल्लभाचार्य महाराज ने बताया। उन्होंने बताया कि अनन्तः श्री विभूषित गौरांग महाप्रभु प्रेमावतार हमारे श्री गुरुदेव सरकार श्री रामहर्षण देवाचार्य महराज द्वारा संपन्न श्रीमंत्र राज अनुष्ठान के रजत जयंती समारोह पर यह आयोजन 5 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2022 तक चलेगा जिसमें 11 से 13 अक्टूबर तक अंतरराष्ट्रीय विश्वस्तरीय विराट संत सम्मेलन होगा और देश के सभी संप्रदाय के सभी धर्म 4 इस सम्मेलन में उपस्थित होंगे साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक डॉ राजेंद्रदेवाचार्य महाराज की श्रीमद्भागवत महापुराण कथा श्री रामचरितमानस का पाठ श्रीमद् बाल्मीकि रामायण व प्रेम रामायण का पाठ और वृंदावन की प्रसिद्ध चैतन्य महाप्रभु की लीला भी होगी। जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य महराज ने बताया कि राम मंदिर के साथ अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय महायज्ञ और सम्मेलन सभी राम भक्तों और सनातन धर्म में एक चेतना जागृत करेगी और इसका वैभव बढ़ाएगी।उन्होंने कहा कि यह आयोजन अलौकिक है जिस को सफल बनाने के लिए अयोध्या के सभी धर्माचार्य एकत्रित होकर कार्य कर रहे है। मंगल पीठाधीश्वर महंत कृपालु राम भूषण दास महाराज ने बताया कि ऐसा महायज्ञ पहले अयोध्या में नहीं हुआ था। इसको दिव्य और भव्य बनाने के लिए हम सभी प्रयास कर रहे हैं। श्री वल्लभाचार्य जी महाराज का धन्यवाद करते हैं कितना वृहद आयोजन वह अयोध्या में कर रहे है। इस अवसर पर बड़ा भक्तमाल के महंत अवधेश दास, तुलसी दास छावनी के महंत जनार्दन दास, पत्थर मंदिर के महंत मनीष दास, राम महल वैदेही भवन के महंत राम जी शरण, रामबल्लभाकुंज के राजेंद्र शास्त्री सहित अयोध्या के अन्य संत महंत उपस्थित रहे।
: राम के नाम पर जमीन में खेल करने का जुटें भाजपा नेता
Sun, Aug 7, 2022
विकास प्राधिकरण ने जारी की अवैध प्लाटिंग करने वाले 40 लोगों की सूची
भाजपा महापौर, अयोध्या विधायक व पूर्व विधायक का नाम भी शामिल
सांसद लल्लू सिंह ने सीएम योगी को लिखा था पत्र, एसआईटी जांच कि किया है मांग
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में राम के नाम पर जमीन में खेल करने का एक बड़ा मामला सामने आया है जिसमें अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, अयोध्या नगर निगम के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय व भाजपा के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ का नाम शामिल है। सरयू नदी के किनारे डूब क्षेत्र की जमीने सरकारी नजूल की जमीने और ग्रामीण क्षेत्र की जमीनों के एक बड़े हिस्से को सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर प्रॉपर्टी डीलरों ने बेचा है.इस खरीद-फरोख्त में किसी भी मानक का पालन नहीं किया गया है. जिस के दृष्टिगत अयोध्या विकास प्राधिकरण ने 40 ऐसे प्रॉपर्टी डीलरों की लिस्ट जारी की है जिन्होंने गैरकानूनी तरीके से जमीनें खरीदी बेची और वहां प्लाटिंग करा दी. शर्मनाक बात यह है कि इन प्रॉपर्टी डीलरों की लिस्ट में अयोध्या के सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता महापौर ऋषिकेश उपाध्याय और मिल्कीपुर के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा का नाम भी शामिल है. विकास प्राधिकरण द्वारा यह लिस्ट जारी करने के बाद हड़कंप मचा हुआ है और विपक्ष अब सत्तारूढ़ दल को घेरने की तैयारी में जुट गया है।
बताते चलें कि शहर के तटीय इलाकों में बड़े पैमाने पर जमीनों की प्लॉटिंग करा कर उन्हें बेचा गया वहां पर अवैध रूप से कालोनियां बसाई गई लोगों ने मकान खरीदे और अपने घर बना लिए. बीते 15 दिन पहले जब विकास प्राधिकरण ने उस इलाके को नदी का तराई इलाका मानते हुए डूब क्षेत्र घोषित कर बुलडोजर लेकर मकानों को गिराना शुरू किया तो हड़कंप मच गया। जिसके बाद जब मामले की जांच पड़ताल शुरू हुई तो पता चला कि जिन लोगों ने इस इलाके में मकान बनाए हैं उन्होंने जमीन के बैनामे से लेकर सरकारी महकमे के जरिए खारिज दाखिल की कार्रवाई और नगर निगम से मकान नंबर भी आवंटित करा लिया है. ऐसे में यह मकान स्वामी दावा कर रहे हैं कि जब उनके पास जमीन पर कब्जा लेने और मकान बनाने का अधिकार प्राप्त है तो उनके मकान और जमीन अवैध कैसे घोषित हो गए। जब इस पूरे मामले को लेकर बवाल खड़ा हुआ और विपक्ष ने सरकार को और प्रशासन को घेरना शुरू किया. तब फैजाबाद सांसद लल्लू सिंह ने करीब सप्ताह भर पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा और इस पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या जिले में बड़े पैमाने पर सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से प्रॉपर्टी डीलरों ने जमीनों की प्लॉटिंग की है और लोगों को बेचा है। इस मामले में सांसद लल्लू सिंह ने एक एसआईटी गठित कर एसआईटी टीम के द्वारा जांच की मांग की थी। जिसके बाद अब विकास प्राधिकरण ने 40 प्रॉपर्टी डीलरों की लिस्ट जारी कर दी है।जिन जमीनों की खरीद-फरोख्त को लेकर हंगामा खड़ा हुआ है यह जमीन है अयोध्या सरयू नदी के तराई क्षेत्र से लेकर अयोध्या नगर निगम के रिहायशी इलाकों शहर से सटे ग्रामीण इलाकों से जुड़ी है. विकास प्राधिकरण द्वारा लिस्ट जारी करने के बाद हड़कंप मचा हुआ है. अवैध रूप से प्लाटिंग करने और कॉलोनी बसाने के मामले में जब सत्तारूढ़ दल के विधायक और महापौर का नाम सामने आया है तो अब इस मामले को लेकर राजनीति होना लाजमी है और कहीं ना कहीं सत्ताधारी दल के नेता सवालों के घेरे में है.वही अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा है कि लिस्ट जारी करके लोगों को नोटिस भेजने की कार्रवाई की जा रही है.जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।