: शिद्दत से शिरोधार्य हुए बाबा गोमती दास व श्री रघुनन्दनशरण जी महाराज
Mon, Mar 20, 2023
श्री हनुमत निवास के संस्थापक आचार्य सिद्ध संत बाबा गोमती दास जी एवं श्री रघुनन्दन शरण जी की पुण्यतिथि पर संत धर्माचार्यों ने अर्पित किया श्रद्धा सुमन
अयोध्या। संतों की सराह कही जाने वाली रामनगरी में अनेक भजनानंदी संत हुए है जिन्होंने त्याग, साधना से न सिर्फ अयोध्या बल्कि पूरे भारत में राम भक्ति की अलख जगाई इन महापुरुषों की साधना की जीवंत गवाही दे रहा ये अयोध्या के मठ मंदिर व लाखो शिष्य परिकर। उन्हीं संत महापुरुष में एक रहे सिद्ध पीठ श्री हनुमत निवास के संस्थापक पूज्य बाबा गोमती दास जी महाराज।
अनंत विभूषित बाबा श्री गोमती दास जी महाराज व श्री रघुनन्दन शरण जी महाराज की पुण्यतिथि महोत्सव महंत श्री सियाशरण जी महाराज के अध्यक्षता व हनुमत निवास के महंत प्रख्यात साहित्यकार डा. मिथलेश नन्दनी शरण जी के संयोजन में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इसके उपलक्ष्य में उभय पूर्वाचार्यों की अर्चना की गयी।
बाबा गोमती दास जी महाराज का जन्म पंजाब में चैत्र कृष्ण पक्ष त्रयोदशी संवत 2076 में ब्राह्मण परिवार के यहां हुआ था और वह 10 वर्ष की उम्र में ही संत हो गए। श्री महाराज जी अमृतसर के दुग्याना मंदिर के महंत सरयू दास जी महाराज से वैराग्य की दीक्षा ली और कुछ दिन बाद काशी विश्वनाथ जी महाराज ने स्वप्न दिखाया और श्री महाराज जी चित्रकूट में बांके सिद्ध गुफा में भजन करने लगे।
चित्रकूट के साथ श्री महाराज जी तीर्थों का भ्रमण करते रहे और एक दिन हनुमान जी की कृपा और आदेश से अवध पधारे और लक्ष्मण किला पर आ गए और श्री सीताराम में लीन हो गए श्री महाराज जी जानकी वरण वरण की करुणामई सत्संग के आनंद में लीन हो प्रभु चरण के अनुराग में खो गए और नित्य प्रति प्रभु की लीला का आनंद लेने लगे कुछ दिन बाद श्री महाराज जी लक्ष्मण किला के पास हनुमत निवास नामक स्थान की स्थापना की और नित्य प्रति भजन करने लगे। श्री हनुमत निवास मंदिर के महंत प्रख्यात साहित्यकार डा.मिथलेश नन्दनी शरण जी महाराज ने आये हुए अतिथियों का स्वागत परम्परागत तरीके से किया।रसिकोपासना के परमाचार्य लक्ष्मणकिलाधीश महंत मैथली रमण शरण, श्रीहनुमत सदन के महंत अवधकिशोर शरण, बावन मंदिर के महंत वैदेहीवल्लभ शरण 'बावन जी', महामण्डलेश्वर गिरीशदास, महंत शशिकान्त दास समेत अनेक सन्त-महान्त, विद्वान् और श्रद्धालु भक्त मौजूद रहें।
: आने वाले दिनों में भव्य व सुंदर नगरी बनकर उभरेंगी अयोध्या : सीएम योगी
Sun, Mar 19, 2023
मुख्यमंत्री ने श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य के प्रगति की ली जानकारी
अयोध्या में चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या आने वाले दिनों में विश्व की सुंदरतम नगरी के रूप में हो स्थापित हो, यही प्रधानमंत्री की इच्छा है, उसी के अनुरूप प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार मिलकर पंच कोसी परिक्रमा, चौदह कोसी परिक्रमा और 84 कोसी परिक्रमा का निर्माण कार्य कराया जाएगा। संतों और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं को देखते हुए कई योजनाएं चल रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने हनुमानगढ़ी के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद सीएम ने रामलला के दर्शन, आरती और परिक्रमा की। सीएम ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति भी जानी। इसके बाद टेढ़ी बाजार के पार्किंग और व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने पूर्वी व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स में लोअर ग्राउंड की दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे क्रासिंग 111बी के एप्रोच रोड को लेकर सवाल किया, कहा, ’’जाम तो नहीं लगेगा।’’ एडीए के वीसी विशाल सिंह ने बताया कि चौराहा बड़ा बनाने की योजना पहले बना ली गई है। इससे पहले सीएम मणिराम दास छावनी पहुंचे, जहां राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास से मुलाकात की। बता दें नृत्य गोपालदास लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। सीएम का साल 2023 में अयोध्या में पहला दौरा है। इससे पहले 27 नवंबर 2022 को यहां आए थे। रामलला के दर्शन करने के बाद सीएम रामजन्म भूमि परिसर से पैदल ही जन्मभूमि पथ पहुंचे। जहां जन्मभूमि पथ पर लगाए गए मार्ग के डिस्प्ले का जायजा लिया। इसके बाद अधिकारियों से लगाए जा रहे पत्थरों की गुणवत्ता और आपूर्ति के बारे में जानकारी ली। इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने 18 मार्च को काशी विश्वनाथ दरबार में हाजिरी लगाई थी। आज अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। रामलला दर्शन के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने सीएम योगी को स्मृति चिह्न दिया।सीएम योगी ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति जानी। यहां चंपत राय ने सीएम को निर्माण से जुड़ी जानकारी दी। योगी आदित्यनाथ ने निर्माण में लगे मजदूरों से भी हालचाल पूछा। सीएम ने अधिकारियों से वर्तमान समय में चल रहे कार्य की प्रगति भी जानी। गौरतलब है कि मंदिर का 70 फीसदी निर्माण पूरा कर लिया गया है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
: जुलाई तक पूरा हो जाएगा एयरपोर्ट का काम
Sun, Mar 19, 2023
अयोध्या में चल रहीं 32 हजार करोड़ की परियोजनाएं
मैन पॉवर बढ़ाकर तीन शिफ्ट में काम कराने और समय से पूरा करने के दिए निर्देश
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या के समग्र विकास के लिए केंद्र व प्रदेश शासन की ओर से 32 हजार करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं। एक वर्ष में जब यह धरातल पर उतरेंगी तो दुनिया अयोध्या को सुंदरतम नगरी के रूप में देखेगी। श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर तय समयसीमा के अंदर आगे बढ़ रहा है। प्रभु श्रीराम अपने मंदिर में विराजमान होकर देश-दुनिया पर कृपा का प्रसाद बरसाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अयोध्या के एक दिवसीय दौरे पर मीडिया से मुखातिब थे। सीएम ने कहा कि आज अयोध्या में दर्शन-पूजन के साथ केंद्र-राज्य सरकार के विभिन्न विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन व समीक्षा की। सीएम ने कहा कि मैंने भी कई कार्यों को देखा, इसलिए विश्वास से कह सकते हैं कि जिस तेजी से समयबद्ध तरीके से अयोध्या के विकास के कार्य पीएम के विजन व मार्गदर्शन में बढ़ रहे हैं। अयोध्या एक वर्ष में सुंदरतम नगरी के रूप में देश-दुनिया के सामने होगी। सीएम ने कार्यों को तेज करने, परियोजनाओं में मानक की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ समयबद्ध ढंग से इसे आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए। सीएम ने कहा कि मैन पॉवर बढ़ाने के साथ तीन शिफ्ट में काम करने की आवश्यकता है, जिससे बरसात के कारण दो-तीन महीने यदि बाधा भी आती है, तब भी विकास कार्य समय से पूरा हो सके। अयोध्या में भव्य श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन रहा है। 3000 मीटर का रनवे, एप्रन, टर्मिनल बिल्डिंग, बाउंड्रीवाल व आवश्यकतानुसार 791 एकड़ लैंड पहले ली जा चुकी है। 2200 एकड़ लैंड के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई चल रही है।