: 51 हजार की इनामी कुश्ती 15 मिनट तक चली,मुकाबला बराबरी पर
बमबम यादव
Sat, Nov 16, 2024
51 हजार की इनामी कुश्ती 15 मिनट तक चली,मुकाबला बराबरी पर
शाहनेवाजपुर के दंगल में सौ से अधिक पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया
जौनपुर के सुजीत ने सैफई के गोलू को हरा कर खूब वाहवाही बटोरी,तो वही तुलसीपुर के भगवानदीन ने बनारस के ओमप्रकाश को हरा कर अपना जादू बिखेरा
ऐसे आयोजन समाज की जीवंतता और एकरूपता के परिचायक, हम प्रतिस्पर्द्धा तो हैं, किंतु विरोधी न होकर परस्पर पूरक: खब्बू तिवारी
कुश्ती के माध्यम से सभी को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने की प्रेरणा के इस अभियान में सभी का सहयोग प्रशंसनीय है: श्यामजी दूबे
अयोध्या। रामनगरी के हलकारक पुरवा की परम्परागत कार्तिक पूर्णिमा पर शाहनेवाजपुर के पूर्व प्रधान एवं जाने-माने समाजसेवी श्यामजी दुबे के संयोजन में आयोजित दंगल कुश्ती प्रेमियों में उत्साह का संचार करने वाला रहा। शाहनेवाजपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित दंगल के दौरान सौ से अधिक पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
सर्वाधिक प्रतिष्ठापूर्ण मुकाबला जौनपुर के निगम एवं सहारनपुर के शारिक पहलवान के बीच हुआ। 51 हजार की इनामी कुश्ती 15 मिनट तक चली। दर्शक दिल थाम कर परिणाम का इंतजार करते रहे, किंतु दोनों पहलवानों ने अंतिम समय तक पूरा जोर लगाए रखा और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। 21 हजार के इनाम वाले एक अन्य प्रतिष्ठापूर्ण मुकाबले में जौनपुर के सुजीत ने सैफई के गोलू को हरा कर खूब वाहवाही बटोरी। यह मुकाबला 10 मिनट का था, किंतु परिणाम सातवें मिनट में ही आ गया। तुलसीपुर के भगवानदीन ने बनारस के ओमप्रकाश को हरा कर अपना जादू बिखेरा। 15 हजार का इनामी मुकाबला 10 मिनट तक चला। शाहनेवाजपुर के ही उत्कर्ष ने नंदिनीनगर के सनी को मात्र दो मिनट में हरा कर पांच हजार का इनाम हासिल करने के साथ स्थानीय प्रशंसकों को चहकने का मौका दिया। इससे पूर्व गोसाईंगंज के विधायक रहे भाजपा नेता इंद्रप्रताप तिवारी ने पहलवानों के हाथ मिलवा कर कुश्ती का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, ऐसे आयोजन समाज की जीवंतता और एकरूपता के परिचायक हैं और यह बताते हैं कि हम प्रतिस्पर्द्धा तो हैं, किंतु विरोधी न होकर परस्पर पूरक हैं। श्यामजी दुबे ने आभार ज्ञापित करते हुए कहा, कुश्ती के माध्यम से सभी को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने की प्रेरणा के इस अभियान में सभी का सहयोग प्रशंसनीय है। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, हनुमानगढ़ी से जुड़े महंत पहलवान राजेश दास, हनुमानगढ़ी से जुड़े समाजसेवी महंत मामादास, लवकुश दास, सूर्यभान दास, उपेंद्र दास,कुश्ती संघ के जिलाध्यक्ष घनश्याम पहलवान, समाजसेवी नन्हे मियां, युवा भाजपा नेता विशाल मिश्र आदि उपस्थित रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन