: गुरुदेव के आदर्शों और देश में समता-समरसता स्थापित करना है उद्देश्य: महंत कमलनयन दास
बमबम यादव
Sat, May 17, 2025
गुरुदेव के आदर्शों और देश में समता-समरसता स्थापित करना है उद्देश्य: महंत कमलनयन दास
जन्म महा महोत्सव में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ सहित देश के रक्षा मंत्री की राजनाथ सिंह होगें शामिल
10 दिवसीय होगा श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अध्यक्ष एवं मणिरामदास छावनी पीठाधीश्वर का 87 वां जन्म महा महोत्सव
अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अध्यक्ष एवं मणिरामदास छावनी पीठाधीश्वर महंत नृत्यगोपाल दास महाराज का 87 वां जन्म महा महोत्सव आगामी 1 जून से धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। दस दिवसीय इस जन्म महामहोत्सव का समापन 10 जून को होगा। इस संबंध में महंत नृत्यगोपाल दास महाराज के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास शास्त्री ने शुक्रवार को मणिरामदास छावनी में आयोजित प्रेसवार्ता दरम्यान बताया कि गुरुदेव महाराज के 87वें जन्म महा महोत्सव का शुभारंभ 1 जून से होगा। जिसमें शामिल होने हेतु उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश के रक्षा मंत्री की राजनाथ सिंह को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम मिल चुका है। वह जन्म महोत्सव में किसी भी दिन सम्मिलित हो सकते हैं। जन्म महा महोत्सव का उदघाटन जगदगुरु शंकराचार्य भानु पीठाधीश्वर एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा द्वारा किया जायेगा। महोत्सव में सुबह के सत्र में नित्य 1 जून से लेकर 8 जून तक सुरत शब्द योग प्रशिक्षण का कार्यक्रम है। इसके प्रशिक्षक एवं निर्देशक चतराधाम वराहक्षेत्र, नेपाल के श्रीमज्जगदगुरु रामानंदाचार्य श्रीमत्स्वामी रामकृष्णा चार्य महाराज हैं, जिनके द्वारा योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं सायंकालीन सत्र में 1 जून से लेकर 9 जून तक नित्य 4 बजे से सायं 6 बजे तक श्रीमद वाल्मीकीय रामायण की कथा है। अंतर्राष्ट्रीय कथाव्यास आचार्य रामानंद दास महाराज अपने मुखारविंद से भक्तजनों को कथा का रसास्वादन करायेंगे। प्रतिदिन प्रातकाल रामचरितमानस का अष्टोत्तर शत पाठ होगा। श्रीराम महायज्ञ में नित्य पूजन अर्चन के बाद आहुतियां डाली जायेंगी। इसके अलावा प्रतिदिन विशाल अन्नक्षेत्र भी चलेगा। श्री दास ने बताया कि जन्म महामहोत्सव कार्यक्रम के क्रम में 9 जून को सायं 3 बजे से अखिल भारतीय विराट संत सम्मेलन है। जिसमें सम्मिलित होने के लिए देश भर के संत-धर्माचार्यों को आमंत्रित किया गया है। तमाम महापुरुषों के कार्यक्रम आ भी चुके हैं। संत सम्मेलन में शंकराचार्य, जगदगुरु रामानंदाचार्य व रामानुजाचार्य समेत अन्य धर्माचार्य शामिल होंगे। इसी दिन रात्रि 8 बजे मंदिर में फूलबंगला झांकी का कार्यक्रम भी है। अगले दिन 10 जून को सुबह 9 बजे से लेकर 11 बजे तक महाराज श्री का अभिषेक एवं मंगलाशासन का कार्यक्रम है। उसके बाद दोपहार 12 बजे से संत-महंत, धर्माचार्यों का विशाल भंडारा है। फिर उसके बाद जन्म महामहोत्सव का समापन हो जायेगा। कार्यक्रम के मुख्य यजमान सुमन देवी कमलाकर सिंह राजपूत डायरेक्टर बघेल कंस्ट्रक्शन, अध्यक्ष शिव कृपा मंडल एवं एसके इंग्लिश स्कूल वटवा अहमदाबाद, गुजरात हैं। महंत कमलनयन दास ने कहा कि जन्म महामहोत्सव के माध्यम से गुरुदेव के आदर्शों और देश में समता-समरसता स्थापित करना। सभी सुखी संपन्न रहें। भारत देश अखंड हो। प्रेसवार्ता में महेंद्र दास व विहिप प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा भी मौजूद रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन