: श्रीराम ने कुंभकरण और लक्ष्मण ने मेघनाद का किया वध
बमबम यादव
Tue, Oct 24, 2023
भगवताचार्य स्मारक सदन की ऐतिहासिक रामलीला में सोमवार को कुंभकरण-मेघनाद वध और सुलोचना सती लीला का मंचन किया गया, श्रीराम-कुंभकरण में भयंकर युुद्ध हुआ

कैसरगंज के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भगवान के स्वरुपों का किया पूजन,संतों का किया अभिनन्दन
अयोध्या। रामनगरी की प्राचीनतम भगवताचार्य स्मारक सदन की ऐतिहासिक व पौराणिक संत तुलसीदास रामलीला समिति की रामलीला में सोमवार को कुंभकरण-मेघनाद वध और सुलोचना सती लीला का मंचन किया गया। लीला का मंचन देखने के लिए नगरी के साधु संतों के साथ बड़ी संख्या में लीला प्रेमी स्मारक सदन पहुंचे।
रामलीला स्थल पर सोमवार को लीला मंचन के दौरान दिखाया गया कि कुंभकरण को गहरी नींद से जगाया जाता है और रावण सारा घटनाक्रम कुंभकरण को बताता है। इस पर कुंभकरण, रावण से कहता है कि श्रीराम नारायण के अवतार और सीता स्वयं मां जगदंबा हैं। भगवान विष्णु ने राक्षसों का नाश करने के लिए अयोध्या में नर रूप में जन्म लिया है। इस पर रावण क्रोधित हो जाता है। यह देख कुंभकरण, श्रीराम के हाथों मरना उचित समझता है और युद्ध में लड़ने के लिए चला जाता है। श्रीराम-कुंभकरण में भयंकर युुद्ध होता है। अंत में कुंभकरण मारा जाता है। कुंभकरण वध के बाद मेघनाद युद्ध में जाता है। लक्ष्मण वानरों की सेना समेत निकुमला देवी का यज्ञ विध्वंस कर देते हैं। लक्ष्मण मेघनाथ के बीच में भयंकर युद्ध होता है। बाद में लक्ष्मण मेघनाद का वध कर देते है। सुलोचना मेघनाथ का सिर गोद में रखकर सती हो जाती हैं। अंतर्राष्ट्रीय अवध आदर्श रामलीला मंडल पत्थर मंदिर की ये लीला दर्शकों का मन मोह लिया। सोमवार को लीला का यही पर विराम दिया गया। लीला में कैसरगंज के लोकप्रिय सांसद बृजभूषण शरण सिंह शामिल हुए। सांसद जी ने भगवान के स्वरूप की भव्य आरती की। इसके पश्चात भगवताचार्य स्मारक सदन में मौजूद सभी संतो का अभिनन्दन सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने किया। संत तुलसीदास रामलीला समिति के कोषाध्यक्ष बड़ा भक्त माल पीठाधीश्वर महंत अवधेश दास महाराज व समिति के महामंत्री संकट मोचन सेना अध्यक्ष महंत संजयदास महाराज समेत महंत सत्यदेव दास, महंत हरिभजन दास, सरपंच महंत रामकुमार दास, सरयू आरती समिति के आयोजक महंत शशिकांत दास, व्यास सरोज दास, रामायणी अजीत दास, नागा रामलखन दास ने भगवान की आरती की। समिति के व्यवस्थापक वरिष्ठ पुजारी हेमंत दास ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। रामलीला की देखरेख मृदंग वादक राजीव रंजन व शिवम श्रीवास्तव कर रहें है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन