: जानकी जीवन सरकार का दो दिवसीय 17वां प्राकट्योत्सव का छाया उल्लास
बमबम यादव
Wed, Mar 5, 2025
जानकी जीवन सरकार का दो दिवसीय 17वां प्राकट्योत्सव का छाया उल्लास
दर्शन भवन से महंत डॉ. ममता शास्त्री के दिशानिर्देशन में गाजे-बाजे, हाथी-घोड़ा, रथ संग निकली विशाल शोभायात्रा
सरयू मैया का अभिषेक-पूजन, आरती कर चढ़ाई गई चुनरी
अयोध्या। रामनगरी की प्रसिद्ध पीठ जगद्गुरु रामानन्दाचार्य जी भगवान का मंदिर दर्शन भवन जानकीघाट से गाजे-बाजे, हाथी-घोड़ा, रथ संग विशाल शोभायात्रा निकाली गई। अवसर मंदिर के गर्भगृह में विराजमान भगवान जानकी जीवन जू के 17वें प्राकट्योत्सव का है। शोभायात्रा को दर्शन भवन की वर्तमान पीठाधीश्वर महंत डॉ. ममता शास्त्री ने अपनी सानिध्यता प्रदान किया। यह शोभायात्रा दर्शन भवन से शुरू होकर तपस्वी छावनी चौराहा, दिगंबर अखाड़ा, हनुमानगढ़ी चौराहा, श्रृंगारहाट, शास्त्रीनगर, तुलसी उद्यान, लता चौक होते हुए पावन सरयू तट पहुंची। जहां सरयू मैया का अभिषेक-पूजन, आरती कर चुनरी चढ़ाई गई। उसके बाद पुनः शोभायात्रा सरयू तट से दर्शन भवन मंदिर को वापस लौटी। वहां मंदिर में विराजमान नर्वदेश्वर भगवान शंकर का विशेष श्रृंगार कर भस्म आरती उतारी गई। उसके बाद सायंकाल दर्शन भवन बिहारी सरकार की भव्य एवं मनोरम फूलबंगला झांकी सजी। झांकी का दर्शन कर भक्तगण धन्य हुए। इस अवसर पर दर्शन भवन की पीठाधिपति महंत डॉ. ममता शास्त्री ने बताया कि आश्रम में जानकी जीवन सरकार का दो दिवसीय प्राकट्योत्सव मनाया जा रहा है। यह भगवान का 17वां प्राकट्य महोत्सव है। महोत्सव के क्रम में प्रथम दिन सुबह तुलसी एवं पुष्प द्वारा ठाकुर जानकी जीवन का सभी भक्तों ने सामूहिक रूप से सहस्रार्चन कर उत्सव का शुभारंभ किया। तत्पश्यात 108 बत्ती से भगवान की भव्य आरती उतारी। उसके बाद मंदिर के मुख्य द्वार से पुण्य सलिला मां सरयू तट तक भव्य, विशाल एवं मनोरम शोभा यात्रा निकाली गई। फिर मोक्षदायिनी एवं पुण्यदायिनी मां सरयू की दिव्य एवं भव्य चुनरी महोत्सव का कार्यक्रम हुआ। तदुपरांत सरयू मैया की दिव्य एवं भव्य आरती उतारी। पुनः शोभा यात्रा सस्यू तट से मंदिर को वापस लौटी। सायंकाल नर्वदेश्वर भगवान शंकर का विशेष श्रृंगारदिव्य भस्म आरती उतारी। दर्शन भवन बिहारी सरकार के फूल बंगला की मनोहारी झांकी सजी। मंदिर के मुख्य द्वार पर भण्डारा प्रसाद का वितरण हुआ। उसके बाद शास्त्रीय संगीत एवं सांस्कृतिक संध्या की महफिल सजी। देररात्रि ठाकुर जानकी जीवन के संग फूलों की होली खेली। उन्होंने बताया मंगलवार को सुबह नर्वदेश्वर भगवान शंकर का रूद्राभिषेक है। फिर विश्वनाथ गौ सेवा दर्शन मंदिर में गौ माता का विशेष पूजनार्चन एवं दिव्य आरती होगी।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन