: हनुमानगढ़ी ने प्रसाद को लेकर बदलाव, निर्वाणी अनि अखाड़े ने जारी किया सर्कुलर
बमबम यादव
Tue, Jul 1, 2025
हनुमानगढ़ी ने प्रसाद को लेकर बदलाव, निर्वाणी अनि अखाड़े ने जारी किया सर्कुलर
डिब्बे पर लिखना होगा नाम, नंबर; सिर्फ शुद्ध देसी घी के लड्डू ही चढ़ेंगे हनुमानजी को
हनुमंत लला को लगाए जाने वाला लड्डू के भोग की गुणवत्ता और उसकी पवित्रता के बारे में लिया गया अहम निर्णय
अयोध्या। सावन मेले से पहले हनुमानगढ़ी ने लड्डू बेचने वाले व्यापारियों के लिए श्री पंच रामानन्दी निर्वाणी अनि अखाड़े ने सर्कुलर जारी किया। अयोध्या में मंगलवार से हनुमानगढ़ी मंदिर में अब सिर्फ शुद्ध देसी घी से निर्मित लड्डू का ही भोग चढ़ाया जाएगा। लड्डू के डिब्बे पर दुकान का नाम और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही गुणवत्ता भी बतानी होगी। हनुमानगढ़ी मंदिर प्रशासन और व्यापारियों की एक संयुक्त बैठक अखाड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्रीमहंत ज्ञान दास जी महाराज के आवास पर हुई। इस दौरान अखाड़े के सभी वरिष्ठ महंत और व्यापारी नेता मौजूद रहे। इस दौरान हनुमानगढ़ी मंदिर में हनुमंत लला को लगाए जाने वाला लड्डू के भोग की गुणवत्ता और उसकी पवित्रता के बारे में अहम निर्णय लिया गया है। व्यापारियों से हनुमानगढ़ी मंदिर की तरफ से निवेदन किया गया है कि वह केवल शुद्ध देसी घी और शुद्ध चने के बेसन से बने हुए लड्डू को ही भगवान के भोग के लिए उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही गुणवत्ता का पूरी तरह से ध्यान रखने का निवेदन हनुमानगढ़ी मंदिर की तरफ से व्यापारियों से किया गया है। व्यापारियों ने भी इस पर सहर्ष स्वीकृति दे दी है। इतना ही नहीं रिफाइंड और वनस्पति घी के प्रयोग पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाते हुए कहा गया है कि देसी घी भी गुणवत्ता वाला होना होना चाहिए जिसमें प्रमुख रूप से पतिराम, ज्ञान, पराग और अमूल देसी घी से ही निर्मित लड्डू का ही प्रसाद हनुमानगढ़ी मंदिर में चढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही व्यापारियों को लड्डू के डब्बे पर अपने नाम दुकान के नाम और मोबाइल नंबर भी साफ-साफ अंकित करने होंगे। अगर हनुमानगढ़ी मंदिर पर चढ़ने वाले प्रसाद के गुणवत्ता से किसी भी तरीके का खिलवाड़ व्यापारियों की ओर से किया जाएगा तो उस पर संयुक्त रूप से कार्रवाई व्यापारी संगठन और हनुमानगढ़ी मंदिर प्रशासन करेगा।
श्री हनुमानगढ़ी के गद्दीनशीन श्रीमहंत प्रेमदास जी महाराज के शिष्य हनुमत संस्कृत स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य महंत डा महेश दास महाराज ने कहा कि अब हनुमानगढ़ी में देसी घी के बेसन के लड्डू ही चढ़ सकेंगे। अखाड़े ने सर्कुलर जारी किया है कि लड्डू बेचने वाले अब डिब्बे पर दुकान का नाम, फोन नंबर लिखेंगे। सिर्फ ऐसा प्रसाद ही मंदिर में चढ़ाया जा सकेगा। यह आदेश 1 जुलाई से लागू हो गया है। बहुत जल्द ही दुकानों की चेकिंग की जायेगी। उन्होंने कहा कि पहले से ही बजरंगबली को सिर्फ देसी घी के लड्डू चढ़ाए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ प्रसाद में मिलावटी होने की शिकायत मिल रही थी। अब लड्डू बेचने वाले के खिलाफ कार्रवाई होगी। लड्डू विक्रेताओं और हनुमानगढ़ी के संतों के बीच बैठक कर इसके लिए समिति बनाई गई है।
संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और धर्म सम्राट श्रीमहंत ज्ञानदास जी महाराज के उत्तराधिकारी महंत संजय दास ने कहा कि प्रसाद में मिलावट की शिकायत कई बार अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं ने महंतो से की थी। जिसको लेकर संत समाज और व्यापारियों की बैठक में ये निर्णय लिया गया है। इसके बाद आज से लड्डू प्रसाद में मिलावट खोरी को बंद करने के लिए सभी दुकानदारों को ये निर्देश दिया गया है। कि वो प्रसाद के डिब्बे पर अपना और अपनी दुकान का नाम और फोन नंबर लिखे यह आदेश आज सुबह से ही लागू किया गया है।
अयोध्या में सावन मेला, 10 जुलाई से लग रहा है सावन माह में लाखों कांवरिया और भक्त और झूलनोत्सव पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। 12 दिनों तक यह उत्सव रहता है। अयोध्या के एक हजार मंदिरों में भीड़ होती है जबकि 100 मंदिरों में यह पर्व बेहद भव्यता से मनाया जाता है।हनुमानगढ़ी के इस फरमान के बाद अयोध्या हनुमानगढ़ी के निकट लड्डू का व्यापार करने वाले व्यापारियों ने सराहा है। उन्होंने कहा है कि इससे लड्डू में मिलावट खोरी पर अंकुश लगेगा और दुकानदारों को भी सहूलियत मिलेगी और व्यापार भी बढ़ेगा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन