: प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला के दर्शन को उमड़ा भक्तों का सैलाब
बमबम यादव
Tue, Jan 23, 2024
जिला प्रशासन को इतनी अधिक भीड़ जुटने का नहीं था अनुमान, आनन-फानन में वैकल्पिक इंतजाम

सीएम योगी ने किया हवाई निरीक्षण
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि पर नवनिर्मित भव्य राम मंदिर में रामलला के नवीन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद मंगलवार को दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। जिला प्रशासन को इतनी अधिक भीड़ जुटने का अनुमान नहीं था। आनन-फानन में वैकल्पिक इंतजाम प्रभावी किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रामलला के नवीन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के पहले से ही देशभर से दर्शन के लिए रामभक्त अयोध्या पहुंचने लगे थे। इनमें से बड़ी संख्या में लोगों ने यहीं पर अपने गुरु आश्रमों, मंदिर, होटल, धर्मशाला, रामकथा पार्क, सरयू घाट और अन्य स्थानों पर डेरा डाल रखा था। इनमें वो श्रद्धालु भी शामिल रहे जिन्हें 20 से 22 जनवरी तक तीन दिन अस्थाई मंदिर में रोक के चलते रामलला के दर्शन नहीं मिल सके थे। इसके अलावा तमाम भक्त पड़ोसी जिलों में अपना आश्रय बनाए थे। सोमवार को पीएम के यहां से लौटने के बाद शाम से रात तक और फिर मंगलवार की सुबह उन्होंने अयोध्या का रूख किया। कई जत्थे वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, लखनऊ, अंबेडकर नगर, बाराबंकी, बस्ती व गोंडा के रास्तों से आए। ऐसे में रामनगरी में श्रद्धालुओं का कारवां अनवरत बढ़ता ही गया। प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह चौथा अवसर होगा जब देश के विभिन्न हिस्सों से इतनी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे हैं। पहले से जो अनुमान लगाया गया था उससे भी अधिक श्रद्धालु यहां पहुंच गए हैं। यह सिलसिला लगातार जारी है। पड़ोसी जनपदों के साथ अयोध्या धाम की सीमाओं पर वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगाए जाने के बावजूद लोग पैदल ही आ रहे हैं। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि भीड़ काफी आ गई है। पहले से भी लोग मौजूद थे। सभी को सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने के प्रबंध किए जा रहे हैं। वहीं अयोध्या पुलिस ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में सोशल मीडिया पर फैल रही उन अफवाहों का खंडन किया है कि भारी भीड़ के कारण मंदिर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ने यहां पहुंचकर अयोध्या का हवाई सर्वे किया और व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर में प्रवेश को लेकर भारी तादात में मौजूद श्रद्धालुओं को सीएम योगी ने देखा और आला अधिकारियों को इस बाबत निर्देश जारी किए। सीएम योगी ने इस दौरान दर्शन व्यवस्थाओं का जाएजा लिया। राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने मंगलवार की शाम लाखों भक्तों से अपील की है कि वो धैर्य और शांति बनाए रखें, रामलला के दर्शन सबको मिलेंगे। उन्होंने कहा कि भक्तों का सैलाब देखते हुए रामलला ने आज विश्राम भी नहीं किया है। राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अगले दिन आस-पास के जिलों और दूसरे राज्यों से आए पांच लाख से ज्यादा भक्त दर्शन के लिए जुटे हैं। सरकार के सीनियर अफसर के मुताबिक अब तक तीन लाख लोग दर्शन कर चुके हैं और इतने ही लोग बाहर कतार में हैं जिनके लिए समुचित इंतजाम किए गए हैं। मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने सुबह ही कह दिया था कि इतने भक्त आए हैं कि आज सबको दर्शन नहीं मिल पाएगा। राम मंदिर मार्ग पर भक्तों की कई किलोमीटर लंबी कतार है। प्रशासन की व्यवस्था कई बार भीड़ के दबाव में टूट गई। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस ने लाठियां भी लहराई। अयोध्या जिला प्रशासन के लिए लाखों भक्तों को संभालने का यह पहला अनुभव है जिसमें हर बीतते दिन के साथ हासिल अनुभव के आधार पर बेहतरी की संभावना है। अयोध्या प्रशासन के आग्रह पर भक्तों की आ रही भीड़ को फिलहाल रोकने के लिए लखनऊ से 80 बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। गोरखपुर से आ रही या जा रही बसों के लिए दूसरे रास्ते तय किए गए हैं।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन